सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के सरदारनगर मजरे दौलतपुर गांव में बुधवार देर रात शिक्षामित्र का शव ससुराल में फंदे पर लटका पाया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के गौड़ा देवरिया गांव निवासी मोटा सिंह ने बेटी दलवीर कौर (32) का विवाह 10 वर्ष पूर्व मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के सरदारनगर मजरे दौलतपुर गांव निवासी गुरविंदर सिंह के साथ किया था। दलवीर कौर रामपुर मथुरा ब्लॉक के तुलसीपुर बंजर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थी। बुधवार देर रात दलवीर का शव ससुराल में ही कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला।
सूचना पाकर मौके पर परिजन भी पहुंच गए। गुरुवार सुबह ससुराल पक्ष अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया। लेकिन उसके भाई सुखदेव सिंह ने पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अली अब्बास ने बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
उधर, चर्चा है कि दलवीर कौर के पति व भाई में एक सप्ताह पहले मारपीट हुई थी, जिससे वह अवसाद में चल रही थी। अगर उसने आत्महत्या की तो उसका यही एक कारण हो सकता है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।