बाराबंकी। शिक्षामित्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए। वे पैदल मार्च करते हुए सांसद आवास पहुंचे और छह सूत्री मांगों का ज्ञापन सांसद को सौंपा। उन्होंने कहा कि हमारी जायज मांगों को पूरा किया जाए। अन्यथा शिक्षामित्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारी व सदस्य रविवार को मांगों को लेकर बीआरसी बड़ेल पर एकत्र हुए। इसके बाद यहां से जिलाध्यक्ष विनोद वर्मा के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए भाजपा सांसद उपेंद्र सिंह रावत के आवास पहुंचे और मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पिछले 22 वर्षों से हम लोग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन अब हमें भी अपने बच्चों की परवरिश, शादी, पढ़ाई और दवाई की चिंता सताने लगी है। क्योंकि शिक्षामित्रों की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने ज्ञापन में मांग करते हुए कहा कि नियमावली में संशोधन कर शिक्षामित्रों की योग्यता पूर्ण कराकर पुन. समायोजित व नियमित किया जाए। समायोजन प्रक्रिया पूर्ण होने तक 12 माह व 62 वर्ष की सेवा सुरक्षित करते हुए सम्मानजनक वेतनमान दिया जाए। नई शिक्षा नीति में शिक्षामित्रों को सम्मिलित करते हुए इनका भविष्य सुरक्षित किया जाए। इस मौके पर अनिल शर्मा, संजय शर्मा, रामशंकर राठौर, रोहित त्रिपाठी, धर्मेंद्र वर्मा, चंद्रमौलि द्विवेदी, हरिप्रकाश शुक्ला, सुशील तिवारी, दिनेश पटेल आदि मौजूद रहे।