बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय मार्ग पर सड़क और फुटपाथ के विस्तार के बाद अब बिजली खंभों की शिफ्टिंग का कार्य शुरू हो गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा सड़क चौड़ीकरण के दौरान कई स्थानों पर बिजली के खंभे इंटरलॉकिंग और सड़क की सीमा में आ गए थे। इस कारण इन खंभों से यातायात संचालन प्रभावित हो रहा था। अब इन खंभों को हटाकर सड़क किनारे शिफ्ट करने का कार्य शुरू किया गया है।
सड़क चौड़ीकरण के बाद बिजली के खंभे बीच सड़क और फुटपाथ में आने से आए दिन लोगों को जाम की परेशानी से जूझना पड़ता था। रविवार को पटेल तिराहा के पास खंभों की शिफ्टिंग का कार्य शुरू किया गया। पावर कार्पोरेशन के एसडीओ दिनेश प्रजापति ने बताया कि सबसे पहले उन स्थानों पर खंभों को हटाया जा रहा है, जहां जाम की समस्या सबसे अधिक हो रही थी। इसके बाद अन्य मार्गों पर भी कार्य किया जाएगा। लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर सभी अवरोधक खंभों को शीघ्र ही हटा दिया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके और यात्रियों को जाम से राहत मिले।