रामसनेहीघाट सीएचसी पर भर्ती बुखार के मरीज। संवाद
बाराबंकी। डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शनिवार को सात नए मरीज मिलने पर इन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं जिला अस्पताल में डेंगू जैसे लक्षण वाले मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। एलाइजा जांच के लिए इनके ब्लड का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
जैदपुर के अजपुरा निवासी पंकज कुमार, रामसनेहीघाट के बाबा पुरवा निवासी आदित्य और आदर्श, हैदरगढ़ के टिकरा निवासी सुनीता और सूर्य नारायण अवस्थी, त्रिवेदीगंज के सादुल्लापुर की कंचन लता और फतेहपुर निवासी रामप्रताप पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे।
सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों द्वारा इनकी रैपिड कार्ड से जांच कराई गई जिसमें सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस पर परिजनों ने इन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।
उधर जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को करीब 1549 मरीज देखे गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि इनमें तेज बुखार और डेंगू जैसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या नौ थी जिस पर चिकित्सकों द्वारा इन्हें एलाइजा जांच कराए जाने की सलाह दी गई।
उधर एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अलग-अलग स्थानों पर डेंगू के सात नए मरीज पाए गए हैं, सभी की एलाइजा जांच कराई जा रही है।