ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए शनिवार को चार ब्लॉकों में विरोधी उम्मीदवारों के नाम वापस लेने से यहां भी निर्विरोध निर्वाचन हो गया। इससे पहले शुक्रवार को तीन ब्लॉकों में एक-एक प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था।
नाम वापसी के बाद अब जिले के सिर्फ आठ ब्लॉकों में प्रमुख पद के लिए रविवार को 11 बजे से मतदान होगा। सबसे बड़ा उलटफेर पूरेडलई में हुआ। जहां सपा प्रत्याशी ने बसपा के समर्थन में मैदान छोड़ दिया। उधर, सात ब्लाकों में निर्विरोध प्रमुख को जिलाधिकारी अजय यादव ने अपने कोर्ट पर ही शनिवार की देर शाम प्रमाण पत्र दिए।
ब्लॉक प्रमुख पद के नाम वापसी के बाद अब जिले के निंदूरा, देवा, हरख, दरियाबाद, बनीकोडर, हैदरगढ़, त्रिवेदीगंज और सिद्धौर में चुनाव होगा। जिला प्रशासन इन ब्लॉकों में चुनाव कराने को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। यहां पर तैनात किए गए एआरओ को पूरी निष्पक्षता के साथ चुनाव कराने के आदेश जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए हैं। अब आठ पदों के लिए 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। रविवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य इनके लिए वोट करेंगे।