रामनगर (बाराबंकी)। रामनगर क्षेत्र में संचालित बी पैक्स सोसायटी में तैनात रह चुके सचिव द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के साढ़े तीन लाख सरकारी रुपये को हड़पने का मामला सामने आया है। अपर जिला सहकारी अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
अपर जिला सहकारी अधिकारी प्रीति त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि रामनगर ब्लॉक क्षेत्र के बी पैक्स लिमिटेड किशनपुर में तैनात रह चुके सचिव विनय कुमार शर्मा के कार्यकाल में समिति को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत शासन से पांच लाख रुपये भेजे गए थे। धनराशि में करीब साढ़े तीन लाख रुपये सचिव को उर्वरक खाते में जमा करने थे, लेकिन उन्होंने जमा नहीं किए। मौजूदा सचिव ललित वर्मा को समिति से संबंधित दस्तावेज भी नहीं सौंपे गए। एसएचओ रत्नेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।