बाराबंकी हैदरगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर हादसे में पलटी पिकअप।
हैदरगढ़/सुबेहा (बाराबंकी)। थाना सुबेहा क्षेत्र में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मवेशियों को लाद कर जा रही तेज रफ्तार पिकअप टायर फटने से पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक घटना स्थल से फरार हो गया।
पिकअप शाहजहांपुर के मऊ दक्षिणी से छह भैंस लादकर सुल्तानपुर के नेवादा पशु बाजार जा रही थी। वाहन हरदोई किले के रेवता का पुरवा थाना कोतवाली देहात निवासी जमील चला रहा था। सुबेहा थाना क्षेत्र में अमरवल किरसिया गांव के पास अचानक टायर फटने से पिकअप पलट गई। जिसमें सवार शाहजहांपुर के मियापुर बंजारन का पुरवा थाना शेरामऊ दक्षिणी निवासी दिलशेर, चांद खान और दिलशाद को इलाज के लिए सीएचसी हैदरगढ़ भेजा गया। लेकिन दिलशेर (36) की रास्ते में मौत हो गई।
मृतक के भाई चांद खान ने बताया कि वाहन के टायर पुराने थे। कई बार चालक जमील से रुककर चेक करने को कहा गया, लेकिन वह नहीं माना। हादसे के बाद वह भाग निकला। एसएचओ सुबेहा संजीव कुमार ने बताया कि हैदरगढ़ पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है।