सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र बदोसराय में कुर्की की कार्रवाई के दौरान सील बैंक के एटीएम को एक साल बाद खोलकर 27 लाख रुपए निकाले गए। यह कार्रवाई डीएम के निर्देश पर हुई। बैंक अधिकारी इसे लेकर परेशान थे।
बदोसराय पुलिस ने गैंगस्टर के आरोपी जुल्फी मियां के मार्केट में एक साल पहले कुर्की हुई थी। नौ अप्रैल 2023 को इसे सील कर दिया गया था। दुकानों के बीच में लगा एक निजी बैंक का एटीएम भी सील हो गया था। इस एटीएम में 27 लाख रुपए थे।
बैंक अधिकारियों ने इसे लेकर डीएम से गुहार लगाई थी। बृहस्पतिवार को एक वर्ष बाद डीएम के आदेश के बाद तहसीलदार वैशाली अहलावत व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी सील तोड़कर एटीएम से 27 लाख रुपये निकलवा दिए। इसके बाद उसे फिर सील कर दिया गया। तहसीलदार ने बताया कि डीएम के आदेश पर कार्रवाई की गई।