बाराबंकी। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद विद्यालय आवंटन की राह ताक रहे नए शिक्षकों को सोमवार को साइट न खुलने से ऑनलाइन विद्यालयों का आवंटन नहीं हो सका। ऐसे में ठंड के बीच पूरा दिन इंतजार करने के बाद शिक्षक लौट गए। उसके बाद साइट ओपेन हुई तो शिक्षकों को मंगलवार को दोपहर 12 बजे के बाद बुलाया गया है।
जिले में 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत पांच दिसंबर को शिक्षकों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। इसके बाद शिक्षकों को छह व सात दिसंबर को बीएसए कार्यालय में ज्वॉइनिंग करा दी गई। इसके साथ ही नियुक्ति पाने वाले नए शिक्षक वेतनभोगी हो गए। सोमवार से विद्यालय आवंटन को लेकर होने वाली काउंसिलिंग के पहले दिन बीआरसी बडेल पर दिव्यांग व महिला शिक्षकों को बुलाया गया था।
मगर, पूरा दिन विद्यालय आवंटन की ऑनलाइन साइट ही नहीं खुली। ऐसे में पूरा दिन इंतजार करने के बाद शिक्षकों को घर भेज दिया गया। हालांकि देर शाम साइट ओपेन होने के बाद सोमवार को आए नए शिक्षकों को दोबारा मंगलवार को विद्यालय आवंटन के लिए बुलाया गया है।
वहीं पुरुष शिक्षक व पहले दिन अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों की काउंसिलिंग बुधवार को होगी। डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण पूरे प्रदेश में कहीं भी साइट ओपेन नहीं हुई। हालांकि देर शाम को साइट ओपेन हो गई है। ऐसे में शिक्षकों को मंगलवार को 12 बजे के बाद बुलाया गया है।