प्रतिघंटा 15 सेमी की गति से बढ़ रहा नदी का जलस्तर
पहाड़ों पर हुई बरसात से बढ़ा पानी, कंट्रोल रूम बना
एल्गिन ब्रिज पर नदी के जलस्तर पर रखी जा रही निगाह
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। सरयू नदी का जलस्तर अचानक उफान पर है। नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार को 15 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ने से तराई में हड़कंप मच गया। नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ से बचाव को लेकर ग्रामीणों ने तैयारी शुुरू कर दी। वहीं, प्रशासन ने तीन तहसील क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी है। एल्गिन ब्रिज पर सरयू के जलस्तर पर निगाह रखी जा रही है। नदी खतरे के निशान से डेढ़ मीटर नीचे है।
जिले में सरयू नदी रामनगर, सिरौलीगौसपुर व रामसनेहीघाट तहसील क्षेत्रों से होकर गुजरी है। 100 से 150 गांव बाढ़ के निशाने पर रहते हैं मगर तलहटी में बसे 60 से 70 गांवों में सबसे ज्यादा खतरा रहता है। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण सरयू का जलस्तर पिछले दो दिन से बढ़ रहा है। पहाड़ों पर हुई बरसात व नेपाल की ओर का पानी आने से बृहस्पतिवार को जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा और चेतावनी बिंदु के पास पहुंच गया। इससे तराई में हड़कंप मच गया है। ग्रामीण जलस्तर घटने-बढ़ने से कटान की आशंका जता रहे हैं।
एसडीएम सिरौलीगौसपुर आनंद तिवारी ने नदी के रेतीले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर आने को कहा है। राजस्व कर्मचारियों को लगाया गया है। वहीं, बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों ने अपनी नाव दुरुस्त करनी शुरू कर दी है।
नदी के मुहाने पर बसे गांवों में कटान का खतरा
कोटवाधाम (बाराबंकी)। सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के करीब 35 से ज्यादा गांव जो नदी के मुहाने पर हैं। इन गांवों में कटान और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इन गांवों में कहारनपुरवा, सनावा, कोठीडीहा बीहड़, भयकपुरवा, सरदहा, सिरौलीगुंग, टेपरा, सरायसुर्जन, भैरवकोल, गोबरहा, तेलवारी, मांझा, रायपुर, परसवाल, नव्वनपुरवा, परसा गांव शामिल हैं। वहीं रामनगर तहसील के सुंदरनगर, हेमतापुर, केदारीपुर, सरसंडा, नउअनरुरवा, जमका, परशुरामपुर अकौना, कुसौरा गांव के लोग भी बाढ़ की आशंका से तैयारी में जुटे हैं।
इन नंबरों पर करें फोन
बाढ़ व दैवी आपदाओं के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बना दिया गया है। एडीएम अरुण कुमार ने बताया कि दूरभाष संख्या-05248-226017 के साथ टोल फ्री नंबर 1077 व 9454418880 पर जनसामान्य संपर्क कर अपनी समस्या बता सकता है। कंट्रोल रूम दिन रात काम करेगा। एडीएम ने बताया कि तीनों तहसीलों को अलर्ट कर दिया गया है।