बाराबंकी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित पात्रों को योजना का लाभ दिलाने के लिए दस मई से 31 मई तक पीएम किसान लाभार्थी संतृप्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में बैठकें की जाएंगीं। इसमें पात्र कृषकों का डेटा व अभिलेख पूर्ण कराए जाएंगे। डीएम के नेतृत्व में राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग भी इसमें सहयोग करेंगे।
वर्तमान में जिले में पांच लाख से अधिक किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। बड़ी संख्या में किसान ऐसे भी हैं जो आवेदन करने के बाद भी अब तक योजना का लाभ नहीं पा सके हैं। इनमें मुख्य रूप से पीएम किसान पोर्टल पर पात्र होते हुए आवेदन न करने, आवेदन करने के बाद भी स्वीकृत न किए जाने, भूलेख के कारण सत्यापन न हो पाने या बैंक से खाता लिंक न होने जैसे समस्याएं सामने आ रही हैं। इसकी कार्ययोजना 15 अप्रैल तक तैयार की जाएगी एवं व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाएगा। निर्धारित तिथि पर कृषि एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी ग्राम पंचायत का भ्रमण करेंगे। लेखपाल मौके पर ही भूलेख का सत्यापन करेंगे।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
पात्र किसान ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। मोबाइल एप, सीएससी के माध्यम से आवेदन करना होगा। आधार संख्या स्वत: सत्यापित होने के बाद भूलेखों की जानकारी अपलोड करनी होगी। इसके बाद आवेदन विवरण तहसील लॉगिन पर प्रदर्शित होने लगेगा। नवीन आवेदन का सत्यापन राजस्व कर्मी शनिवार को तहसील पर जाकर करेंगे।
सभी पात्रों को किसान सम्मान निधि का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए गांवों में बैठक कर आवेदन लिए जाएंगे और त्वरित निस्तारण होगा।
- श्रवण कुमार, उपनिदेशक कृषि