सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकराने के बाद खड्ड में जा गिरी। हादसे में घायल पेट्रोल पंप के सेल्समैन की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ब्राह्मणी टोला निवासी रोहित यादव (22) मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के अंदीपुर चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन पद पर तैनात थे। बुधवार को ड्यूटी समाप्त करके वह बाइक से घर जा रहे थे। हेलमेट लगाए थे।
सूरतगंज-फतेहपुर मार्ग स्थित पावर हाउस के निकट तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट कई टुकड़ों में बिखर गया। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी सूरतगंज लाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया मगर मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया।