बाराबंकी। किसानों की लगातार मांग पर जिले को 1000 क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध कराया गया है। यह बीज 14 बीज भंडारों से वितरित किया जाएगा। जल्द ही 1000 क्विंटल बीज की एक और खेप मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि इस बार जिले को करीब 5400 क्विंटल गेहूं का बीज वितरित करने का लक्ष्य मिला था। किसानों को बीज की खरीद पर 50 प्रतिशत की नकद छूट दी जा रही थी। ऐसे में राजकीय बीज भंडार से हाथों-हाथ बीज बिक गया था। इसके बाद से किसान लगातार बीज मुहैया कराने की मांग करने लगे।
इस पर कृषि विभाग की ओर से शासन को 2000 क्विंटल गेहूं के बीज की डिमांड भेजी गई थी। इसके सापेक्ष 1000 क्विंटल बीज उपलब्ध हो गया है जिसकी बीज भंडार पर आपूर्ति की जा रही है। जल्द ही किसानों को ई पॉश मशीन के जरिए बीज का वितरण शुरू हो जाएगा। जिला कृषि अधिकारी राजितराम ने बताया कि अभी एक हजार क्विंटल बीज और प्राप्त होगा।