मसौली (बाराबंकी)। सफदरगंज स्थित फतेह चंद जगदीश राय इंटर कॉलेज के मैदान में खेले जा रहे सफदरगंज प्रीमियर लीग टूर्नामेंट का रविवार को फाइनल मैच खेला गया। रायल चैलेंजर सफदरगंज की टीम ने नाइट राइडर्स को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल मुकाबले में नाइट राइडर्स सफदरगंज के कप्तान सलमान सिद्दीकी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। रायल चैलेंजर सफदरगंज टीम के विस्फोटक बल्लेबाज मंसूर की 53 रनों की आतिशी पारी से सफदरगंज की टीम ने 10 ओवरों में 111 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी राइडर्स सफदरगंज की टीम 10 ओवरों में 9 विकेट पर 94 रन ही बना सकी।
रायल चैलेंजर सफदरगंज ने 17 रनों से जीत दर्ज कर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। फाइनल और टूर्नामेंट के अन्य मैचों में ओवरऑल प्रदर्शन करने वाली नाइट राइडर्स सफदरगंज के हैरिस शेख को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ व विजयी टीम के मंसूर कुरैशी को ‘मैन ऑफ दी मैच’ का पुरस्कार अजय वर्मा द्वारा दिया गया। इस मौके पर आयोजक तुषार कांत श्रीवास्तव, इकबाल, तारीक, जीशान व आरिज आदि खेल प्रेमी मौजूद रहे।