रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। ग्राम प्रधान की बेटी के वैवाहिक समारोह में रंगारंग कार्यक्रम के दौरान जनवासे में विवाद हो गया। नर्तकी संग स्टेज पर डांस को लेकर बराती व जनाती आपस में भिड़ गए। बवाल में दूल्हे के बहनोई की मौत हो गई जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारीं तो भीड़ तितर-बितर हो गई। घायल भी पुलिस के डर से भाग खड़े हुए। दूल्हे के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला राम सनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर गांव का है। यहां ग्राम प्रधान सीमा देवी पत्नी स्वामीनाथ की बेटी रेनू का शनिवार को विवाह था। बरात सफदरगंज थाना क्षेत्र के सदेवां मजरे तुरकानी निवासी परशुराम के बेटे धर्मराज की आई थी। द्वारपूजा के बाद जनवासे में रंगारंग कार्यक्रम चल रहा था जिसमें स्टेज पर नर्तकियों संग बराती डांस कर रहे थे। इसका विरोध कर जनातियों ने उन्हें स्टेज से उतारा और खुद चढ़कर डांस करने लगे।
इस पर दूल्हे का सफदरगंज थाना क्षेत्र के मीरापुर निवासी बहनोई सुनील चौहान (35) कन्या पक्ष के लोगों से शिकायत करने जाने लगा। इसी बीच कन्या पक्ष के लोगों ने उसे रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी जिससे दूल्हे के चचेरे बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों से रामू, प्रेमलाल, श्यामू, कुलदीप व विवेक आदि घायल हुए।
सूचना मिलते ही पीआरबी के अलावा प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी व रघुवीर सिंह पहुंच गए। बवाल बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकारीं तो भीड़ तितर-बितर हो गई। वहीं घायल भी पुलिस के डर से भाग निकले। मामले की तहरीर दूल्हे के चाचा तेनूराम ने पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक अजय त्रिपाठी ने बताया की बरात में मारपीट के दौरान एक युवक की मौत हो गई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद नारायणपुर निवासी उत्तम सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, द्वारपूजा के बाद ही हुए विवाद के बाद बराती व जनाती अपने-अपने घर भाग गए। विवाह की खुशियां मातम में बदलीं तो सन्नाटे के बीच विवाह की रस्म अदायगी हुई।