त्रिवेदीगंज। तेजवापुर गांव में पुष्टाहार की जगह रुपये मिलने का झांसा देकर साइबर ठग ने बैंक खाते से 99 हजार 500 रुपये उड़ा दिए। गांव के शिवम ने पुलिस से बताया कि 13 नवंबर को फोन पर खुद को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बताते हुए महिला ने कहा कि बाराबंकी के डॉक्टर साहब बात करेंगे।
बात होने पर कथित डॉक्टर ने कहा कि आप के पुत्र को आंगनबाड़ी से मिलने वाला बाल पुष्टाहार नहीं मिलेगा, इसके बदले आपकी पत्नी के खाते में रुपये भेजे जाएंगे। इसके लिए पत्नी को अपने बैंक खाते की केवाईसी करानी होगी।
पत्नी के रायबरेली जनपद के बछरावां में अपने मायके में होने की बात शिवम ने कही तो ठग ने उसे वीडियो काॅलिंग के जरिए बात कराने को कहा। साले शुभम के मोबाइल से बात शुरू हुई और फेस केवाईसी होते ही शुभम के खाते से 99 हजार 500 हजार रुपये निकल गए। सीओ समीर सिंह ने बताया मामला साइबर क्राइम का है। कार्रवाई की जा रही है।