बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की ओर से आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपना पूरा दम दिखाया। प्रतियोगिता में रोहनराज, प्रिंस, अभय व स्वतंत्रिका ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जीत हासिल की। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब अयोध्या में होने वाली मंडलीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सेदारी करेंगे।
बालक अंडर-14 वर्ग में जीआईसी बाराबंकी के रोहनराज, अजीमुद्दीन अशरफ कॉलेज के प्रिंस कुमार, राज यादव और अभय सैनी विजेता रहे। अंडर-17 वर्ग में अजीमुद्दीन कॉलेज के मोहम्मद सैफ, अमन, रुद्र गुप्ता और रसूलपुर के कर्नल ने बाजी मारी। अंडर-19 में अर्जुन यादव, सुमित , हैदर और हर्ष यादव जीते जबकि बालिका वर्ग में अंडर-14 में स्वतंत्रिका, राफिया बानो, मुक्ता व श्वेता मिश्रा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
इसी तरह अंडर-17 में चांदनी, दिव्या व आयशा जबकि अंडर-19 में अवंतिका तिवारी, अनामिका और प्राची भट्ट विजेता रहीं। इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य नंदिता सिंह ने किया। निर्णायक मंडल में तौहीद हसन, प्रदीप सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुशील सिंह, उमेश, पंकज आदि मौजूद रहे।