यूपी के बाराबंकी में रामनगर क्षेत्र में बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मंगलवार को भीषण हादसा हो गया। दोपहर करीब 1 बजे अवस्थी ढाबा के पास रोडवेज बस ने श्रद्धालुओं की पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे में 24 श्रद्धालु घायल हो गए। ये लोग गोंडा स्थित दुखरन नाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजा करके लौट रहे थे।
हादसे में घायल 19 लोगों का इलाज सीएचसी में किया गया। इनमें सीतापुर के विशुनापुर थाना महमूदाबाद निवासी रामगोपाल (45), नीतू (40) जयकरन (50), फूलमती (30), पुष्पा (45), हुसैनगंज थाना सिधौली निवासी मनोज (35) व सुनीता (32), रामनगरा थाना अटरिया के संदीप (32), मवैया थाना रामपुर कला के राकेश (55), मरेली नैमिषारण्य की पूजा देवी (25) व विजय कुमार (22), छावन मानपुर की पम्मी (32) व सीतापुर के ही मोहित शामिल थे।
इसी प्रकार के जिले के बड्डूपुर के मनीराम (30) व पूनादीन (35), हक्काबाद थाना बड्डूपुर के बबलू (25), कौशल (20) व रामदास (45), खिझना की किशोरी शिवानी, शंकर (35), श्याम लाल (45), दिनेश कुमार (35), दिनेश कुमार (35) व पूनम को भी इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
हादसे के बाद करीब 40 मिनट तक घटनास्थल पर चीख पुकार मची रही। पिकअप के नीचे दबे घायल बचाने के लिए चीख रहे थे। सीएचसी पहुंचे घायलों ने बताया कि अचानक झटका लगने के बाद पिकअप नीचे खाई में गिर गया। हादसे में किसी का सिर फूटा तो किसी के हाथ पैर में फ्रैक्चर आया। सूचना पर सीएचसी पहुंचे परिजनों को देख घायल बिलख पड़े।