फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत फतेहपुर के विस्तारित वार्डाें में एक करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से सात सड़कों का निर्माण होगा। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
नगर पंचायत फतेहपुर का विस्तार होने के बाद तीन नए वार्डों का सृजन किया गया था। इन वार्डाें में लाइट की व्यवस्था के साथ मार्गाें का निर्माण कराने के लिए वार्डवासियों ने विधायक से मांग की थी। विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा के माध्यम से भेजे गए प्रस्ताव पर स्वीकृति मिल गई है।
इसमें बाराबंकी मार्ग से दशरथपुर तक सड़क व स्ट्रीट लाइट का कार्य, मोहल्ला डड़ियामऊ में प्राथमिक विद्यालय से हंसराज चौहान के घर तक, अंबेडकर पार्क से रमेश के घर तक सड़क व स्ट्रीट लाइट का कर्य, मोहल्ला मिरदहनपुरवा में पीडब्ल्यूडी रोड फूलचंद्र के घर के सामने से इंटरलॉकिंग व नाली का निर्माण होगा।
बाराबंकी मार्ग से ग्रीन सिटी में रामू रस्तोगी के घर तक सड़क व स्ट्रीट लाइट, देवकलिया में रमेशचंद्र के घर से गयाप्रसाद के घर तक इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण का कार्य, मिरदहनपुरवा में सोनू वर्मा के प्लॉट से अनूप वर्मा के घर तक, खपुरवा खानपुर में कीढ़ीलाल के घर से गया प्रसाद के घर तक इंटरलॉकिंग व स्ट्रीट लाइट के कार्य को मंजूरी मिली है।
ये सभी कार्य राज्य नगरीय विकास अभिकरण की ओर से कराए जाएंगे। विधायक ने बताया कि सात सड़कों व स्ट्रीट लाइटों के लिए बजट प्राप्त हो गया है। जल्द ही कार्य शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।