बाराबंकी। शैलानी माता मंदिर में पूजा अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में होने वाली परेशानियां जल्दी खत्म होगी। इसके लिए मंदिर तक पहुंचने के जर्जर मार्ग को सीसी मार्ग में तब्दील किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के स्नान ध्यान के लिए भी नदी पर घाट का निर्माण होगा। इस पर करीब 44.50 लाख रुपये का खर्च आएगा।
यह सभी कार्य जिला पंचायत की ओर से कराए जाएंगे। डीएम के निर्देश व जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुमति के बाद इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सतरिख के डल्लूखेड़ा में शैलानी माता का मंदिर स्थित है यहां पर नवरात्र के दौरान प्रतिदिन पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। यहां पर बने अभरन से बराबर जल निकलता रहता है जो लोगों के आकर्षण का केंद्र है। यहां पर प्रतिदिन दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं का ताता लगा रहता है। बीते दिनों जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निरीक्षण कर मंदिर में मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने के साथ जीर्णोद्धार कार्य का निर्देश दिया था।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत से बात भी की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने डीएम के प्रस्ताव को अनुमति देते हुए यहां पर घाट और सीसी मार्ग बनाए जाने का प्रस्ताव बोर्ड में रखा था जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आशुतोष कुमार ने बताया कि डल्लूखेड़ा स्थित शैलानी माता मंदिर पर एक सीसी मार्ग और नदी पर घाट बनाया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। दिए जाएंगे।