मसौली (बाराबंकी)। मसौली थाना क्षेत्र में बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मंगलवार सुबह एक मालवाहन अचानक सामने मवेशी आ जाने से पलट गया। इस हादसे में उसमें सवार दो दर्जन लोग घायल हो गए। सभी का इलाज बड़ागांव सीएचसी में किया गया।
फतेहपुर जिले के थाना हदगांव के ग्राम बड़े बगहा निवासी सुरेंद्रपाल अपने तीन वर्षीय पुत्र प्रिंस का मुंडन कराने के लिए मालवाहन पर सवार होकर रामनगर के श्री लोधेश्वर महादेवा गए थे। वाहन में करीब दो दर्जन लोग सवार थे। मुंडन कराने के बाद सुबह सभी वापसी कर रहे थे। इस दौरान बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मसौली क्षेत्र में बिंदौरा गांव से पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने एक मवेशी को टक्कर मारी। मवेशी घबराकर भागा तो मालवाहन के सामने आ गया।
अचानक मवेशी आ जाने से चालक ने ब्रेक मारी तो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक जयप्रकाश निवासी भुनगापुर थाना हदगांव के साथ ही फतेहपुर जिले के ही गोपालपुर निवासी सूरज, जलालपुर निवासी रेनू, देशराज, बुद्घू, रुक्मिणी, बिटाना, प्रीतिद, रामकली ,चंद्रबली, सुरेंद्र, सुरेंद्र की पत्नी सुशीला, पूजा पाल, श्यामकली, सलेमाबाद निवासी सुमित, प्रेमा, सुशीला, सूरजकली, निर्मला, विक्रांत, आयुष पाल सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को बड़ागांव सीएचसी भेजवाया। अचानक दो दर्जन से अधिक घायल पहुंचने पर सीएचसी में अफरातफरी मच गयीं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार, इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. राहुल यादव ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर डिस्चार्ज कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।
सड़क हादसे में लखनऊ के युवक की मौत
फतेहपुर। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लखनऊ जिले के इटौंजा थाना क्षेत्र के ग्राम धेड़बसरी निवासी जितेंद्र कुमार (21) किसी काम से सोमवार को बाइक से बड्डूपुर आया था।
देर रात बाइक से वापस घर जा रहा था। इस दौरान ग्राम टेडवा पुल के पास संगम चौराहे के निकट किसी वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। राहगीरों ने बाइक सवार को सड़क पर लहूलुहान हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया मगर यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जितेंद्र हेलमेट नहीं लगाए था। सूचना मिलने के बाद रोते बिलखते परिवारीजन भी पहुंच गए। कोतवाल ने बताया कि परिजनों को सूचना भेजकर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। संवाद