बाराबंकी। आरक्षण सूची जारी होने के बाद निर्धारित चार दिनों में प्रधान पद पर सबसे अधिक 428 आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। इस मामले में बनीकोडर ब्लॉक सबसे आगे रहा। इस ब्लॉक में सबसे ज्यादा 45 आपत्तियां आईं। मंगलवार को सभी ब्लॉकों से आपत्तियां मंगाकर उसे डीपीआरओ कार्यालय में एकत्र किया गया है। बुधवार से शुक्रवार तक इन आपत्तियों पर डीएम द्वारा गठित कमेटी इनका निस्तारण करेगी।
पंचायत चुनाव को लेकर जिले के 1161 ग्राम पंचायतों में चक्रानुक्रम के आधार पर आरक्षण किया गया है। आरक्षण के चलते चुुनाव न लड़ पाने को लेकर कई लोगों ने इस पर सवाल उठाया है। चार दिनों के अंदर डीपीआरओ कार्यालय और ब्लॉकों पर प्रधान पद के लिए कुल 428 आपत्तियां आईं थीं। इनमें बनीकोडर ब्लॉक में सबसे अधिक 45 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। जबकि दूसरे नंबर पर फतेहपुर और निंदूरा ब्लॉक रहा है। यहां 26-26 आपत्तियां आईं थीं। मंगलवार को पंद्रह ब्लॉकों से आपत्तियों के साथ संबंधित रजिस्टर को डीपीआरओ कार्यालय मंगाया गया है।
बुधवार से डीएम द्वारा गठित तीन सदस्यीय कमेटी में शामिल सीडीओ एकता सिंह, डीपीआरओ रणविजय सिंह और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत द्वारा नियमानुसार आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए 10 से 12 मार्च तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं 20 आपत्तियां बीडीसी और इतनी ही आपत्तियां जिला पंचायत सदस्य पद पर आई हैं। डीपीआरओ रणविजय सिंह ने बताया कि सभी आपत्तियां को ब्लॉक से एकत्र कर लिया गया है। इनका निस्तारण बुधवार से गठित कमेटी के समक्ष किया जाएगा।