रामनगर। तीन साल से सफदरगंज से लेकर जिला मुख्यालय तक के चक्कर काट-काटकर थक चुकी थी। लगा था अब जन्मतिथि सही ही नहीं हो पाएगी, लेकिन रामनगर डाकघर के विशेष शिविर में शुक्रवार सुबह बाबा के साथ 35 किलोमीटर दूर से आई और बिना किसी परेशानी के आधार कार्ड में जन्मतिथि सही करा ली। यह कहना है सफदरगंज के डमौरा गांव की हाईस्कूल की छात्रा अर्चिता का, जिनके चेहरे की खुशी बता रही थी कि डाकघर में लगा विशेष शिविर आम जनता के लिए कितना मददगार साबित हो रहा है।
अर्चिता की ही तरह सिरौलीगौसपुर से पहुंचीं इंटरमीडिएट की छात्रा शिवांशी ने बताया कि सरकारी योजनाओं और आगे की पढ़ाई के लिए आधार कार्ड बिल्कुल सही होना जरूरी था। यहां शिविर में आकर कुछ ही मिनटों में मेरी जन्मतिथि अपडेट हो गई। आजकल हर छोटे-बड़े सरकारी और गैर-सरकारी काम के लिए सही विवरण वाला आधार कार्ड अनिवार्य हो चुका है। नाम, फिंगरप्रिंट या जन्मतिथि में मामूली सी भी गड़बड़ी होने पर लोगों के महत्वपूर्ण काम अटक जाते हैं और वे योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। आम जनता की इसी परेशानी को दूर करने के लिए डाक विभाग ने रामनगर डाकघर में इस विशेष शिविर का आयोजन किया है।
भीड़ नियंत्रण के लिए टोकन व्यवस्था लागू
शिविर में आवेदकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार टोकन प्रणाली शुरू की , जिसके तहत दो चरणों में 30 टोकन बांटे गए। सुपरवाइजर प्रज्ञा वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को 30 आवेदन स्वीकार किए गए। शिविर में नया आधार कार्ड बनाना, मोबाइल नंबर अपडेट करना, फिंगरप्रिंट / बायोमेट्रिक अपडेट करना, नाम और जन्मतिथि में संशोधन का समाधान किया जा रहा है।