बाराबंकी। कड़ाके की सर्दी के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले कुछ दिनों से सुबह कोहरा और शाम को हवाएं परेशान कर रही हैं तो दिन में निकलने वाली धूप से हल्की राहत मिल रही है। तापमान में बढ़ोतरी होने के बाद भी ठंड से कोई खास राहत नहीं मिल पा रही है।
शनिवार की सुबह एक बार फिर घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। कोहरे के कारण आवा गमन में लोगों को खास दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन चढ़ा तो मौसम खुलने लगा और धूप निकल आई। धूप की तपिश तेज होने से ठंड से जहां राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया। दिन में लोगों ने घरों से बाहर निकाल कर मौसम का लुत्फ उठाया।
स्कूल जाने वाले बच्चों ने भी राहत महसूस की। मौसम खुलने के कारण बाजारों में भी चहल-पहल पिछले कुछ दिनों की अपेक्षा अधिक देखने को मिली। हालांकि शाम होते-होते मौसम ने एक बार फिर करवट ली। करीब छह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली पछुआ हवाओं ने रात तक परेशान किया। ठंड के कारण सड़कों पर रात आठ बजे से पहले ही सन्नाटा पसरना शुरू हो गया। लोग जरूरी कार्य से ही अपने घरों से बाहर निकले। दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।