त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। शरीर में खून की कमी के बावजूद सीएचसी पहुंची गर्भवती का सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर मौजूद स्टाफ ने गर्भवती को लखनऊ के आरएमएल संस्थान ले जाने के लिए रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उसे निजी वाहन से एक प्राइवेट अस्पताल ले जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में मृतका के परिजनों की तरफ से कोई भी शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई है।
लोनीटरा के गांव बलाखेड़ा के बबलू रावत की पत्नी मनीषा को शुक्रवार की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर गांव की आशा बहू रामावती ने एंबुलेंस से सीएचसी त्रिवेदीगंज पर लाकर भर्ती कराया। बबलू के मुताबिक जांच में खून की कमी मिली। शाम करीब साढ़े सात बजे खून की कमी से हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अधीक्षक डाॅ. प्रणव ने बताया कि गंभीर अवस्था में महिला को लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। परिवार वाले उसे अपनी स्वेच्छा से निजी वाहन से प्राइवेट अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।