खाद्य सुरक्षा अधिनियम अप्रैल से लागू हो जाएगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार को सस्ते दर पर राशन दिया जाना है। पायलट प्रोजेक्ट के रुप में पहले चरण में जिले की दो नगर पंचायतों के कार्डधारकों को बायोमीट्रिक मशीन से राशन दिया जाना है। इसके लिए बंकी नगर पंचायत के कार्डधारकों का आटोमेशन हो चुका है अब सतरिख नगर पंचायत के कार्डधारकों का आटोमेशन किया जाना है। इसके लिए सतरिख नगर पंचायत में 23 जनवरी से शिविर लगाया जाएगा।
जिले में राशन कार्डधारकों की संख्या 7 लाख के आसपास है। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सभी पात्रों को 2 रुपये किलो गेहूं और 3 रुपया किलो चावल देने का प्रावधान है। उम्मीद की जा रही है कि जिले में यह अधिनियम अप्रैल 2016 से लागू हो सकता है। इसको लेकर आपूर्ति विभाग पिछले एक वर्ष से राशन कार्डों को अपडेट करने में लगा हुआ है। दो बार राशन कार्डधारकों का सत्यापन कराया गया और इसके बाद जाकर इनकी ऑनलाइन फीडिंग की गई।
शासन से मिले निर्देशों के आधार पर पहले चरण में बंकी नगर पंचायत के 176 अन्त्योदय कार्डधारकों और 2734 पात्र परिवारों को बायोमीट्रिक मशीन से राशन दिए जाने की योजना बनाई गई थी। विभाग ने इस दिशा में कार्य शुरू किया और इनका बंकी नगर पंचायत का सर्वे कराकर पात्रों का ब्योरा ऑनलाइन कर आधार कार्ड से लिंक कर दिया गया। लेकिन अब सतरिख नगर पंचायत में भी यह व्यवस्था की जानी है।