बाराबंकी। मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। देवा कोतवाली क्षेत्र में गैर समुदाय की युवती के घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोपी शमशाद पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। घेराबंदी के बाद जब पुलिस ने आरोपी को ललकारा तो उसने फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए पहले अस्पताल फिर जेल भेज दिया गया।
धौरमऊ निवासी शमशाद पर आरोप था कि उसने 25 सितंबर को युवती के घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया था। विरोध करने पर उसने मारपीट करनेके साथ वीडियो वायरल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुए मुकदमे के बाद से आरोपी फरार था।
शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि शमशाद गांव से बाहर भागने की फिराक में है। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बेसखा से बड़ा ताल मार्ग पर घेराबंदी की गई। रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। तलाशी में आरोपी के पास से तमंचा, दो कारतूस व एक खोखा बरामद हुए।