बाराबंकी। बिजली व्यवस्था में लगातार मिल रही शिकायतों, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही के आरोपों के बीच विद्युत वितरण खंड रामनगर के अधिशासी अभियंता हरिपाल सिंह को पावर कॉर्पोरेशन ने निलंबित कर दिया। उनकी जगह अधिशासी अभियंता अभिजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से रामनगर डिवीजन की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार हरिपाल सिंह के खिलाफ लंबे समय से उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता, बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं पर समय से कार्रवाई न करने और उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन न करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि कई बार चेतावनी और निर्देश दिए जाने के बावजूद उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं आया।
इधर, बीते कुछ समय से रामनगर डिवीजन की बिजली व्यवस्था भी सवालों के घेरे में थी। क्षेत्र के उपभोक्ताओं का आरोप था कि बिजली कटौती, फाल्ट और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं पर विभाग की ओर से त्वरित समाधान नहीं किया जा रहा था। कई उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि अधिशासी अभियंता फोन तक रिसीव नहीं करते थे, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
विभागीय कार्यों में लगातार आ रही शिथिलता और उपभोक्ता असंतोष को गंभीरता से लेते हुए पाॅवर कॉर्पोरेशन ने सख्त रुख अपनाया। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच पूरे दिन इस फैसले की चर्चा होती रही।
अधीक्षण अभियंता भविष्य कुमार ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि अधिशासी अभियंता अभिजीत कुमार को रामनगर डिवीजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।