भए प्रकट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी... की स्तुति के साथ ही मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर आरती उतारी गई तथा भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिरों व घरों में पूजा-अर्चना कर रामनवमी का पर्व उत्साह पूर्वक मनाया गया।
जंगलेश्वरनाथ मंदिर व सनातन धर्म सभा के श्री रामजानकी मंदिर में हवन पूजन के बाद भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद चखा। विश्राम धर्मशाला मंदिर में दोपहर में श्रीराम स्तुति के स्वर गूंज उठे।
शुक्रवार को दिन के बारह बजते ही मंदिरों ही नहीं बल्कि घर-घर मेें भए प्रगट कृपाला दीनदयाला के स्वर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने श्रीराम की स्तुति के साथ आरती व पूजन किया। विश्राम धर्मशाला मेें रामजन्म का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान आरती करने वाले भक्तों का तांता लगा रहा।
लाजपतनगर स्थित सनातन धर्म सभा के श्री रामजानकी मंदिर में गुरुवार को शुरू हुए अखंड रामचरित मानस पाठ का शुक्रवार की दोपहर समापन हुआ। हवन के बाद उत्साह और भक्तिभाव से लबरेज भक्तों ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम का जन्म धूमधाम से मनाया। मंदिर पहुंची महिलाआें ने प्रभु की आरती में भाग लेने के साथ ही संगत के रूप में भजन भी गाए।
रामजानकी की मूर्तियाें को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस मौके पर भक्तों द्वारा प्रभु रामचंद्र की बाल लीला का वर्णन किया गया। विप्र धेनु सुर संत हित, लीन्ह मनुज अवतार..., भए प्रकट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी... पर श्रद्धा व भक्तिभाव से सरोबार श्रद्धालु झूम उठे।
पूजा पाठ के बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सभी वर्गाें ने शामिल होकर प्रसाद का स्वाद चखा। जंगलेश्वर नाथ मंदिर मझपुरवा में एक दिन पूर्व शुरू हुए रामचरितमानस अंखड पाठ का शुक्रवार को समापन हुआ इसके बाद श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
जन्मोत्सव पर आरती के साथ ही श्री रामचंद्र कृपालु भज मन हरण भय भव दारुणं... ठुमक चलत रामचंद्र बाजत पैजनिया... पर श्रद्धालु भक्तिरस से सरोबार हो गए। यहां भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
महंत अंजनी महाराज, विजयानंद बाजपेई, भोला सैनी, संतोष कुमार, रामदेव आदि लोगों ने सहयोग दिया। ग्रामीण अंचलों में रामनवमी का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया।