बाराबंकी। मेहंदीपुर वाले बालाजी की शहर मेें शनिवार को निकाली गई शोभायात्रा मेें भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। बैंड बाजे के साथ भगवान गणेश, मां दुर्गा, भगवान शंकर की झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा में जयकारे गूंजते रहे।
सुबह नागेश्वरनाथ मंदिर पर सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद निकाली गई शोभायात्रा में फूलों की होली खेलते, नांचते गाते व जयकारे लगाते श्रद्धालु जीआईसी मैदान पहुंचे। देर शाम शुरू हुए जागरण में भजन गायकों ने बालाजी के भजनों से वातावरण भक्तिमय कर दिया।
नागेश्वरनाथ मंदिर में शनिवार सुबह करीब 11 बजे सुंदरकांड पाठ हुआ। दोपहर बाद करीब दो बजे बालाजी समिति के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली गई। मार्ग में तोरणद्वार बनाए गए और जगह-जगह बालाजी के झंडे शोभायमान रहे। शोभायात्रा निकलने वाले मार्ग में भक्तों ने छोला चावल, ब्रेड, पकौड़ा, लड्डू व फल बांटे।
भजन गायक के साथ बैंड की धुन पर भक्तिरस से ओतप्रोत श्रद्धालुओं ने खूब नृत्य किया। शोभायात्रा में भगवान गणेश, शंकर-पार्वती, पंचमुखी हनुमान, मां दुर्गा, भगवान विष्णु, राधा-कृष्ण, राम दरबार की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा मेें श्रद्धालुओं के जयकारे गूंजते रहे। मार्ग में भक्तों ने आरती उतारी और पुष्प वर्षा की।
रामभक्त हनुमान बालाजी मेरे घर आना..., श्रीराम जानकी रहते मेरे सीने में... आदि भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा घंटाघर, धनोखर चौराहा, नाका चौराहा होते हुए पताका व अखंड ज्योति के साथ जीआईसी मैदान में पहुंची। यहां पर पूजन-अर्चन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
लखनऊ से मंगाए गए फूल
जीआईसी मैदान में बालाजी का भव्य दरबार सजाया गया। साज-सज्जा के लिए लखनऊ से गेंदा व लिली के फूल मंगाए गए। शाम को दर्शन करने के लिए भक्तों की कतार लगी रही।