प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर नगरपालिका परिषद की टीम ने बुधवार को अभियान चलाया। तीसरे दिन तीन सौ ग्राम पॉलिथीन जब्त की गई और एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। दुकानदारों से तीखी नोंक-झोक हुई और दुकान के अंदर जांच करने पर दुकानदारों ने नाराजगी जताई। वहीं दूसरी ओर स्कूल के बच्चों ने पॉलिथीन के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। अधिशासी अधिकारी संगीता कुमारी का कहना है कि अभियान आगे चलाया जाएगा, टीम के सहयोग के लिए पुलिस बल की मांग की जाएगी।
जो दुकानदार पॉलिथीन रख रहे हैं वह दावा करते हैं कि उनकी पॉलिथीन प्रतिबंधित नहीं है क्योंकि वह पॉलिथीन पचास माइक्रान से अधिक मोटी है। टीम का कहना है कि ऐसी पॉलिथीन पर कहीं पर भी लेबल नहीं लगा है। नियमानुसार कार्रवाई करने पर दुकानदार विरोध कर रहे हैं।
रामनगर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम अभय कुमार पांडेय व उनकी टीम द्वारा कस्बे में छापेमारी की गई। इस दौरान लोगों से कहा कि पॉलिथीन का प्रयोग बंद करें और कपड़े के थैले का प्रयोग करें। हालांकि होटल, किराना, फल आदि की दुकानों पर छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित नहीं मिली। जबकि डिस्पोजल ग्लास व थर्माकोल के दोने को जब्त कराया। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि सभी लोग पर्यावरण को बचाने में सहयोग करें और दूसरे को भी प्रोत्साहित करें।