बाराबंकी। शहर से लेकर कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं गर्मी से भी राहत मिली है। लोगों ने भीगते हुए बारिश का आनंद लिया। हालांकि बारिश के कारण जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। हाईवे किनारे सर्विस रोड के अलावा तमाम सड़कें पानी से लबालब हो गईं।
शहर में दोपहर करीब एक बजे बारिश शुरू हुई। करीब 30 मिनट तक झमाझम पानी बरसा। इससे सड़कों के किनारे व कच्ची-जर्जर सड़कों पर पानी भर गया। शाम को हवा थमने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। लखनऊ अयोध्या हाईवे पर सर्विस रोड पर पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फतेहपुर तहसील क्षेत्र के निंदूरा, विशुनपुर इलाकों में तेज बारिश के कारण धान के खेतों में पानी भर गया, जिसको लेकर किसान उत्साहित नजर आए।
सिद्धौर क्षेत्र में कोठी से जैदपुर मार्ग पर गहरे गड्ढों में पानी भरने के कारण राहगीरों को समस्या हुई। दरियाबाद में दोपहर में हुई तेज बारिश से नाले उफना गए, जिससे अजीमनगर, मिर्दहान उत्तरी, दक्षिणी, ब्लॉक कार्यालय, सीएचसी मथुरानगर में पानी भर गया। वहीं करीब एक घंटे तक नगर पंचायत, मथुरानगर और हूंसेपुर फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रही। रामसनेहीघाट में मामूली बारिश के बाद उमस में इजाफा हो गया।
हैदरगढ़ में करीब छह घंटे तक हुई बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली। इससे कस्बे में हाईवे किनारे नाला ओवरफ्लो होने के कारण सब्जी मंडी, सराफा बाजार, गल्ला मंडी, किराना बाजार, कांशीराम कॉलोनी, निरीक्षण भवन, तहसील काॅलोनी, तहसील, उपनिबंधक कार्यालय, पराग डेयरी, ब्लॉक आदि जगह जलभराव हो गया। चेयरमैन आलोक तिवारी के निर्देशन में पंपिंग सेट लगाकर सब्जी मंडी गली का पानी निकाला गया। रामनगर में शाम को तेज बारिश व हवा की जुगलबंदी से गर्मी से राहत मिली।