टीम ने एक स्थान से कई दस्तावेज कब्जे में लिए जबकि दो व्यापारी कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। जांइट कमिश्नर वाणिज्यकर ने कारोबारियों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है।
विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) वाणिज्यकर के जांइट कमिश्नर नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर मुसाफिर प्रसाद, अरुण कुमार गौतम और असिस्टेंट कमिश्नर आलोक कुमार की टीम ने मंगलवार को शहर स्थित जायसवाल लोहा भंडार पर छापा मारा।
टीम ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान विक्रेता किसी प्रकार का कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। यहां भारी मात्रा में सीमेंट, सरिया आदि रखा पाया गया। व्यापारी के टर्न ओवर को देखते हुए अब तक करीब 50 लाख रुपये की कर चोरी सामने आई है।
टीम ने हाईवे स्थित रायल प्लाजा मोटल पर भी छापा मारा। मोटल में 25 कर्मचारियों को कार्य करते हुए पाया। इसके अलावा भारी मात्रा में खाद्य सामग्री, चावल, आटा, सब्जी आदि मिली।
जांच के दौरान मोटल संचालक किसी प्रकार के कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। इस मोटल पर वाणिज्यकर विभाग की टीम ने पहली बार छापा मारा और करीब 50 लाख रुपये की कर चोरी पकड़ी है।
जाइंट कमिश्नर की टीम ने तीसरा छापा जैदपुर में स्थित मेंथा व्यापारी एस्ट्रा कमोडिटी पर छापा मारा। जांच पड़ताल के दौरान व्यापारी का वाणिज्यकर से पंजीयन तो पाया गया लेकिन वह खरीद फरोख्त से संबंधित कोई अभिलेख नहीं दिखा सका।
जांच में 17 क्विंटल मेंथा मिला। 277 खाली ड्रम व्यापारी के प्रतिष्ठान में पाए गए। उसके द्वारा मंडी कर तो दिया जा रहा है लेकिन व्यापार कर की चोरी की जा रही है। व्यापारी पर करीब 17 लाख की कर चोरी का मामला सामने आया है।