खजुरी गांव में बीएसएनएल कार्यालय में निकला अजगर। संवाद
कोटवाधाम (बाराबंकी)। बीएसएनएल कार्यालय में विशालकाय अजगर निकलने से कर्मचारियों में दहशत फैल गई। अजगर निकलने की सूचना वन विभाग को दी गई। बावजूद इसके कोई भी टीम रेस्क्यू करने नहीं पहुु़ंची।
दरियाबाद ब्लाॅक क्षेत्र के खजुरी गांव स्थित भारत संचार निगम के दूरभाष केंद्र पर शनिवार दोपहर विशालकाय अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। केंद्र पर तैनात कर्मचारी ने करीब 12 फीट लंबे अजगर निकलने की सूचना वन विभाग को दी। काफी देर इंतजार करने के बाद भी वन विभाग द्वारा रेस्क्यू टीम नहीं भेजी गई।
अजगर निकलने की बात सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। अजगर कार्यालय में ही बने शौचालय के गटर में घुस गया। कार्यालय पर तैनात राधेश्याम करीब तीन घंटे तक अजगर के बाहर आने का इंतजार करते रहे, मगर अजगर बाहर नहीं आया। कर्मचारियों ने बताया कि अजगर का रेस्क्यू कर लिया जाता तो बेहतर होता, केंद्र के अंदर जाने में भी डर लग रहा है। वन दारोगा श्याम लाल ने बताया कि बाहर निकलने पर रेस्क्यू किया जाएगा। कर्मचारियों को भेजा जा रहा है।