बाराबंकी। असंद्रा क्षेत्र में कल्याणी नदी में बह रहे अज्ञात शव को दो सिपाहियों ने नदी से बाहर निकालने के बजाय लाठियों से ठेलते हुए अयोध्या जिले की सीमा की ओर बहा दिया। मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो जांच में दोनों की लापरवाही सामने आई। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
असंद्रा क्षेत्र की दिलावरपुर पुलिस चौकी के पास से होकर गुजरने वाली कल्याणी नदी में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने अज्ञात शव बहता देखा तो पुलिस को सूचना दी। चौकी पर तैनात सिपाही कृष्ण बहादुर वर्मा और विजय सरोज मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने शव को नदी से बाहर निकलवाने, उसकी शिनाख्त कराने और पंचनामा की कार्रवाई करने के बजाय लाठियों से अयोध्या जिले की सीमा की ओर बहा दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और किसी ने सिपाहियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया। एसपी ने रामसनेहीघाट के सीओ सौरभ कुमार को विभागीय जांच सौंपी गई।
प्रारंभिक जांच में दोनों सिपाहियों की संवेदनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही सामने आने पर उन्हें तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या जिले की सीमा में पहुंचने के बाद स्थानीय पुलिस ने शव को बरामद कर कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।