बाराबंकी। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना कार्यक्रम का शुभारंभ बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार से किया। इस पहल के तहत जनप्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना की।
जिलाधिकारी ने स्वगणना कार्यक्रम को शासन की महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनेगी। नागरिक स्वयं ऑनलाइन विवरण दर्ज कर सकते हैं। डीएम ने आमजन से भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने समयबद्ध रूप से स्वगणना पूरी करने का आग्रह किया।
प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने अपनी स्वगणना की। एमएलसी अंगद सिंह और विधायक धर्मराज यादव ने भी इसमें भाग लिया। विधायक फरीद महफूज किदवई और गौरव रावत ने भी ऑनलाइन स्वगणना पूरी की। नगर पालिका परिषद नवाबगंज की चेयरमैन शीला सिंह ने भी अपनी स्वगणना की।
जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस कार्यक्रम में सहभागिता की। इस मौके पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय, सीडीओ अन्ना सुदन, एडीएम निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल और विद्यांशु शेखर झा मौजूद रहे।
तहसीलों में शुरू हुआ स्वगणना का कार्य
हैदरगढ़। तहसील सभागार में स्व-गणना कैसे करें पर एक वीडियो फिल्म दिखाई गई। विधायक दिनेश रावत ने कहा जनगणना के तहत ही सरकार की लाभप्रद योजनाओं को पात्र तक पहुंचाया जाता है और गांव में स्कूल, अस्पताल व विकास की अन्य योजनाओं का लाभ जनगणना के माध्यम से ही मिलता है। इस मौके पर एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा, रामदेेव सिंह, मोहित मिश्रा, रणवीर सिंह मोनू, पंकज दीक्षित, नन्हे तिवारी, राहुल शुक्ला मौजूद रहे।
सिरौली गौसपुर तहसील के सभागार में एसडीएम अनिल कुमार सरोज की अध्यक्षता में डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण स्वगणना का शुभारंभ किया गया। सभागार में मौजूद सभी प्रगणकों के मोबाइल पर एचएलओ एप डाउनलोड कराकर स्वगणना का शुभारंभ कराया गया। इस मौके पर तहसीलदार बालेंदु भूषण वर्मा, नायब तहसीलदार दिनेश पांडे, शुभेंद्र अवस्थी, अवधेश कुमार, आशुतोष मिश्रा मौजूद रहे। फतेहपुर तहसील सभागार में एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने मोबाइल पर एप डाउनलोड कराकर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
एमएलसी ने भरा स्वगणना फार्म
रामसनेहीघाट। स्व-जनगणना अभियान के तहत बृहस्पतिवार को स्थानीय तहसील परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एमएलसी अंगद सिंह व एसडीएम अनुराग सिंह ने ऑनलाइन स्व-जनगणना फॉर्म भरा। तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय सहित कई जनगणना प्रगणक भी उपस्थित थे। संवाद