बाराबंकी में रविवार को घंटाघर चौराहा पर एक्साइज ड्यूटी के विरोध में प्रदर्शन करते सर्राफ।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार द्वारा आम बजट में लगाए गए एक्साइज कर के विरोध में सराफा कारोबारियों की हड़ताल रविवार को 40 वें दिन भी जारी रही। व्यापारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती है तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी। व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के विरोध मेें जमकर नारेबाजी की।
शहर में घंटाघर स्थित धरनास्थल पर व्यापारियों को संबोधित करते हुए सराफा कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी ने कहा कि लगातार 40 दिनों से देश में सराफा व्यापारियों की हड़ताल चल रही है लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर कोई भी निर्णय नहीं ले रही है यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
कहा जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती है और केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज कर वापस नहीं लिया जाता है तब तक व्यापारी शंात नहीं बैठेगा। जिला महामंत्री अनिल रस्तोगी ने कहा कि सराफा कारीगर व व्यापारी बहुत परेशान है और यदि ऐसा ही चलता रहा तो सभी का परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएगा।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने कहा कि व्यापारियोें द्वारा देश के पीएम व वित्तमंत्री को भी अपनी मांगाें का ज्ञापन दिया गया है लेकिन उसके बावजूद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
धरना प्रदर्शन में व्यापारियों ने केंद्र की भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाज कर आक्रोश प्रकट किया। इस मौके पर सुनील त्रिवेदी, अमरनाथ वर्मा, पंकज सोनी, सजीवन पाल, नीरज सोनी, अजय रस्तोगी, सभासद मनोज गुप्ता, संदीप गुप्ता, आशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।