बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमाबाद में आंबेडकर पार्क की सुरक्षित भूमि है। जिस पर गांववासियों ने भारतीय संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी। आरोप है कि गांव के ही गया प्रसाद, जितेन्द्र कुमार ने पुलिस से मिलकर दो दिन पूर्व आंबेडकर प्रतिमा को उखाड़कर गायब करा दिया। इससे आंबेडकर के अनुयायिओं में रोष व्याप्त है।
सोमवार को राष्ट्रीय अधिवक्ता मंच के जिला आयोजक आरपी गौतम एडवोकेट की अगुवाई में वकीलों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर चार सूत्री ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व एएसपी को सौंप दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पुलिस कर्मियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाए, उसी स्थान पर ससम्मान बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित हो, गया प्रसाद आदि के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाए, शमशान की भूमि व सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। इस मौके पर विजय कुमार, शिवबरन सिंह, हरिनन्दन सिंह, मनीष गौतम, योगेन्द्र वर्मा आदि मौजूद रहे।