बाराबंकी। पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि के खिलाफ मंगलवार को भाकियू कार्यकर्ताओं व किसानों ने तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने बढ़ोतरी वापस नहीं लिए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर पटेल ने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। नलकूप खराब होने से किसान फसलों की सिंचाई के लिए डीजल इंजन के भरोसे हैं। बिजली भी नहीं मिल रही है। जिला संरक्षक उत्तम वर्मा ने कहा कि किसान सम्मान निधि का लाभ जिले के 50 प्रतिशत किसानों को नहीं मिल रहा है। शिकायतों के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। किसान योजना का लाभ पाने के लिए इधर-उधर भटक रहा है। किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। इस मौके पर अनिल वर्मा, गिरीश चन्द्र, रामानंद वर्मा, रामसेवक रावत, पन्ना लाल, रिंकू वर्मा, सुधाकर वर्मा समेत कई किसान मौजूद थे।