जैदपुर थाने में बुधवार रात धरने पर बैठे राज्यसभा सांसद डॉ.पीएल पुनिया से वार्ता करते एडीएम संदीप
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। वध प्रतिबंधित मवेशियों की तस्करी के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति को छुड़ाने के लिए स्थानीय थाने में धरने पर बैठे कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डॉ. पीएल पुनिया को बुधवार देर रात पहुंचे एडीएम व एएसपी आरोपी का मेडिकल व जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद तड़के ढाई बजे सांसद ने धरना समाप्त किया। उधर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। सांसद के खिलाफ जीडी में तस्करा दर्ज किया है।
जैदपुर क्षेत्र के टेेेरा गांव निवासी सतीश ने बछिया चोरी कर उसे मारने का शाकिर उर्फ बब्लू व तीन अज्ञात पर आरोप लगाया था। पुलिस ने बुधवार को पुलिस बब्लू को पकड़ लिया। इसकी सूचना पर पीएल पुनिया समर्थकों के साथ जैदपुर थाने पहुंच गए। सांसद का कहना था कि युवक को पुलिस ने थाने में प्रताड़ित किया। पीड़ित का मेडिकल करवाने के साथ दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सांसद धरने पर बैठ गए। देर रात भीड़ बढ़ते देख एडीएम संदीप गुप्ता, एएसपी अशोक कुमार शर्मा व एसडीएम सदर अभय पांडेय थाने पहुंचे और आरोपी का मेडिकल कराने व मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आश्वासन दिया। इसके बाद तड़के ढाई बजे धरना समाप्त हुआ।
उधर एएचओ जैदपुर अमरेश सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी बब्लू को जेल भेज दिया गया है। उसने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया था। सीओ सदर राजेश यादव का कहना है कि जिले में आदर्श आचार सहिंता लागू है। ऐसे में थाने में सांसद पीएल पुनिया ने समर्थकों के साथ धरना-प्रदर्शन किया। इस मामले में सांसद व उनके समर्थकों का तस्करा थाने में दर्ज कराया गया है।