जैदपुर। स्थानीय नगर पंचायत और सीएचसी जैदपुर क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में संचालित अवैध निजी अस्पतालों के संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग में असमंजस की स्थिति है। डीएम के निर्देश पर जारी की गई अपंजीकृत चिकित्सालयों की सूची में जैदपुर के आधा दर्जन निजी अस्पताल शामिल हैं। विभाग ने इन अपंजीकृत चिकित्सालयों की स्थलीय जांच करने के बाद उनसे अभिलेखों सहित स्पष्टीकरण मांगा था मगर, किसी भी चिकित्सालय ने अभी तक नोटिस का कोई जवाब या संबंधित अभिलेख जमा नहीं किए हैं। अभिलेखों के साथ ही उन चिकित्सकों की सूची भी मोबाइल नंबर सहित मांगी गई थी, जिनके नाम निजी चिकित्सालयों के सूचना पट पर अंकित हैं, लेकिन यह जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि जिन चिकित्सालयों को पिछले सप्ताह नोटिस दी गई थी, उनकी ओर से अभी तक न तो नोटिस का जवाब दिया गया है और न ही आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए हैं। स्थिति से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। आगे की कार्रवाई उन्हीं के निर्देश पर होगी।