बाराबंकी। प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए अस्पतालों में दी जानी वाली स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। इस दौरान प्रमुख सचिव को बताया गया सबसे बड़ी आवश्यकता एक ईएनटी और एक रेडियोलॉजिस्ट की है। इस पर प्रमुख सचिव ने शीघ्र ही समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया है।
प्रमुख सचिव ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी पर बताया गया कि जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में बेड़ों की संख्या पर्याप्त है। लेकिन इमरजेंसी में बेड़ाें की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत है। चिकित्सकों की कमी तो बनी है लेकिन किसी तरह से कार्य चल रहा है परंतु ईएनटी का डॉक्टर न होने से जहां मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है वहीं दिव्यांग बोर्ड में आने वाले दिव्यांगों के प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने प्रमुख सचिव को बताया कि इसके लिए अयोध्या से एक डॉक्टर को बुलाया जाता है। जिस पर प्रमुख सचिव ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।