बाराबंकी। जिले में विनियमित क्षेत्र के तहत हो रहे अनियमित विकास और अवैध प्लाॅटिंग पर अंकुश लगाने के लिए डीएम ईशान प्रताप सिंह के सख्त निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गुजिता अग्रवाल ने एक बड़ी मुहिम छेड़ दी है। इस मुहिम के तहत उन पुराने आदेशों और प्लाॅटिंग स्थलों को खंगाला जा रहा है, जिनके ध्वस्तीकरण के आदेश तो जारी हो चुके थे, लेकिन विभिन्न कारणों से उन पर कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, लखनऊ-अयोध्या बार्डर के निकट सफेदाबाद के गदिया, भुहेरा, लखनऊ-अयोध्या मार्ग के किनारे पल्हरी, कुरौली, बड़ेल, दारापुर सहित एक दर्जन से अधिक ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां अवैध प्लाॅटिंग की गई है। इन सभी स्थानों से संबंधित फाइलें दोबारा निकाली जा चुकी हैं।
इन स्थलों पर वर्षों पूर्व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के आदेश जारी हुए थे, परंतु किन्हीं कारणों से मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। इसका फायदा उठाते हुए लोगों ने मनमाने तरीके से निर्माण कर लिए और प्लाॅटिंग करने वाले जमीनें बेचकर निकल गए।