फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: तराई के अस्पताल को हाईटेक बनाने की तैयारी

Tue, 12 May 2026 01:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। जनपद की बाढ़ प्रभावित तहसील सिरौलीगौसपुर स्थित 100 शैय्या वाले संयुक्त चिकित्सालय के दिन अब बहुरने वाले हैं। तराई क्षेत्र का सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र होने के नाते जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने इस अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कमर कस ली है। डीएम की इस विशेष नजर के पीछे मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के गरीब और बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों को घर के निकट ही उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
विज्ञापन

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. बेनी प्रसाद वर्मा का पैतृक गांव और अब एक विकसित तहसील के रूप में पहचान बना चुके सिरौलीगौसपुर के लिए यह अस्पताल लाइफलाइन है। बाढ़ के समय इस क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता है, ऐसे में इस अस्पताल की उपयोगिता और भी बढ़ जाती है।
वर्तमान में यहां की ओपीडी में रोजाना 400 से 500 मरीज पहुंच रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण अक्सर गंभीर मरीजों को जिला मुख्यालय रेफर करना पड़ता है। जिलाधिकारी का स्पष्ट निर्देश है कि व्यवस्था इस तरह दुरुस्त की जाए कि प्रसूताओं और गंभीर मरीजों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
विज्ञापन

अस्पताल की सबसे बड़ी चुनौती बुनियादी संसाधनों का अभाव रहा है। फिलहाल यहां प्रतिमाह मात्र 10 से 15 सिजेरियन ऑपरेशन ही हो पा रहे हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन और ब्लड बैंक न होने की वजह से मरीजों को मजबूरी में निजी केंद्रों की ओर रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
डीएम ने इन कमियों को चिह्नित करते हुए निर्देश दिए हैं कि अस्पताल में तत्काल प्रभाव से अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू की जाए और ब्लड बैंक की स्थापना की दिशा में कार्य तेज किया जाए। इसके साथ ही, पैरामेडिकल स्टाॅफ की कमी को दूर करने के लिए भी विभागीय स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।



बेहतर सुविधाएं और त्वरित इलाज
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि सिरौलीगौसपुर संयुक्त चिकित्सालय बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। हमारा पूरा प्रयास है कि यहां आने वाले हर मरीज को समय पर और बेहतर इलाज मिले। हमारा लक्ष्य है कि प्रसूताओं को किसी भी स्थिति में रेफर न करना पड़े। बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है।

पदों के सापेक्ष नहीं है तैनाती
संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों के 22 पद स्वीकृत हैं। इनमें 18 पर ही चिकित्सक तैनात हैं। स्टाफ नर्स के 15 पदों के सापेक्ष आठ की तैनाती है। फाॅर्मासिस्ट के छह पद स्वीकृत हैं, चार पर ही तैनाती है।टेक्नीशियन के सात पदों के सापेक्ष मात्र तीन तैनात हैं। असिस्टेंट के चार पदों में मात्र एक, सिस्टर इंचार्ज के सात पदों में दो पर तैनाती है। बाल रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, पैथोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट के पद रिक्त हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें