जनेेस्मा में चल रही कक्षाओं में मौजूद विद्यार्थी।
बाराबंकी। जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज (जनेस्मा) में बृहस्पतिवार से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षा का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन विद्यार्थियों में पढ़ाई को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। सुबह नौ बजे से कक्षा शुरू होनी थी, लेकिन छात्र-छात्राएं साढ़े आठ बजे ही कॉलेज पहुंच गए और समय से पहले अपनी-अपनी सीट पर बैठ गए।
प्राचार्य प्रो. सीताराम सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सफलता पाने के लिए केवल डिग्री नहीं, बल्कि गहन अध्ययन और ठोस तैयारी ही सबसे बड़ा हथियार है। कॉलेज का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिले और वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं का सामना करें।
प्राचार्य ने कहा कि लाइब्रेरी किसी भी प्रतियोगी की सबसे बड़ी ताकत है और नियमित अध्ययन से ही सफलता मिल सकती है। कहा कि आज की प्रतिस्पर्धी दुनिया में ज्ञान ही सबसे बड़ा धन है। जो विद्यार्थी जितना अधिक पढ़ेंगे और समझेंगे, उतनी ही सफलता सुनिश्चित होगी। कॉलेज प्रबंधन छात्रों को हर संभव शैक्षिक वातावरण देने के लिए संकल्पित है।