बाराबंकी। पॉवर कार्पोरेशन द्वारा लगाए गए प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाने की जगह उनकी परेशानी बढ़ा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने के बावजूद मैसेज अपडेट नहीं होने के साथ मीटर की स्पीड तेज होने व कई जगह बिल ही नहीं बन पाने की शिकायत भी दर्ज कराई है।
प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल जारी नहीं हुए, वहीं कई उपभोक्ता गलत बिल आने की शिकायत कर रहे हैं। लखपेडाबाग निवासी कृष्णावती ने बताया कि दो किलोवाट कनेक्शन पर लगे प्रीपेड मीटर से पिछले दो माह से बिलिंग नहीं हो पा रही है। इसी तरह डिवाइन सिटी निवासी आशुतोष रावत ने कहा कि बिजली का प्रीपेड मीटर सिर्फ नाम का ही स्मार्ट है। मीटर प्रीपेड होने के बाद से बिल जमा करने का मैसेज भी नहीं आ रहा है।
उपभोक्ताओं की ओर से स्मार्ट मीटर तेज चलने की शिकायतें भी दर्ज कराई गई है। इस पर विभाग ने 49 उपभोक्ताओं के यहां चेक मीटर भी लगाए, जिनमें से 47 मीटर सही पाए गए। अधिशासी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी का कहना है कि प्रीपेड मीटरों में बिलिंग से संबंधित आ रही तकनीकी समस्याओं के बारे में उच्चाधिकारियों को भी सूचना भेजकर इन्हें दूर कराने की सिफारिश की गई है।