बाराबंकी। बजट की कमी से लंबित विकास कार्यों को अब जल्द ही पूरा किया जाएगा। शासन स्तर से इसके लिए तीन सड़कों के चौड़ीकरण, बाईपास और दरियाबाद में बस अड्डे के लिए निर्माण कार्य के लिए 9.60 करोड़ रुपये की बजट राशि जारी की गई है। इन पांचों लंबित परियोजनाओं की राशि को महज 24 घंटे में जारी करते हुए शासन ने सभी कार्य वर्ष दिसंबर तक पूरे कराने का अल्टीमेटम भी दिया है।
14.69 करोड़ से बन रही सड़क, एक करोड़ जारी
गाजीपुर से दरियाबाद नवाबगंज जाने वाली सड़क का किमी संख्या 11.890 से 20.450 तक चौड़ीकरण किया जा रहा है। सड़क सात मीटर चौड़ी व मजबूत होगी। इसके लिए कुल बजट 14 करोड़ 69 लाख है, जिसमें शासन ने निर्माण पूरा करने के लिए एक करोड़ एक लाख रुपए जारी किए हैं। इस सड़क के पूरा होने से करीब 70 हजार की आबादी का आवागमन सुगम होगा।
मोहम्मदपुर से सिद्धौर चौड़ीकरण के लिए 3.63 करोड़
मोहम्मदपुर से सिद्धौर होते हुए कैसरगंज मार्ग के साढ़े छह किमी जर्जर व संकरे हिस्से का चौड़ीकरण किया जा रहा है। यह परियोजना 16 करोड़ 69 लाख की है, जिस पर अब तक 9.46 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। शासन ने निर्माण पूरा करने के लिए तीन करोड़ 63 लाख रुपये जारी किए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार तीन महीने में सड़क जनता को समर्पित हाेगी।
चार महीने में बनेगी सड़क, 2.73 करोड़ आवंटित
सिद्धौर ब्लॉक के छतौरा से कोठी-धौरहरा-मंगलपुर-गुरुदत्तखेड़ा मार्ग के किमी 11, 12, 13 और 14 के हिस्से का चौड़ीकरण किया जा रहा है। यह कार्य 7 करोड़ 92 लाख की लागत से हो रहा है। इस काम पर अब तक 4.65 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। इस कार्य को पूरा करने के लिए दो करोड़ 73 लाख रुपये जारी हुए हैं। निर्माण पूरा हो जाने से एक लाख की आबादी की राह आसान बनेगी।
अक्तूबर तक काम पूरा करने का दावा
नगर पंचायत दरियाबाद का बाईपास का काम करीब पूरा हो चुका है। मात्र 15 प्रतिशत कार्य बाकी है यह परियोजना 13 करोड़ 48 लाख की है। इस पर अब तक 4.55 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। शासन ने निर्माण पूरा करने के लिए 1.23 करोड़ रुपये जारी किए हैं। जिम्मेदारों का कहना है कि बाईपास का निर्माण अक्तूबर माह तक पूरा हो जाएगा।
जल्द होगा दरियाबाद में बस स्टेशन का लोकार्पण
दरियाबाद में निर्माणाधीन बस स्टेशन का काम तीन करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। अब तक 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। शासन ने शेष कार्य को अंतिम स्वरूप देने के लिए एक करोड़ रुपये जारी किए हैं। इससे बस स्टेशन का लोकार्पण कार्यक्रम जल्दी आयोजित किए जाने की तैयारी है।