हैदरगढ़ (बाराबंकी)। परिषदीय विद्यालयों के नए शैक्षिक सत्र की तैयारी को लेकर शुक्रवार को सार्वजनिक इंटर कॉलेज में बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। खंड शिक्षा अधिकारी आरके द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि नए शैक्षिक सत्र में पहले दिन से ही रौनक दिखे इसके लिए कमर कस कर तैयारी करनी होगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा स्कूल चलो अभियान, विद्यालय संचालन व निशुल्क ड्रेस वितरण के निर्देश उपस्थित विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सचिवों को दिए। उन्होंने समय से क्रय आदेश जारी कर गुणवत्तापूर्ण ड्रेस का वितरण एक जुलाई से 15 जुलाई तक करने के निर्देेश दिए। उन्होंने कहा कि पांच दिन पहले विद्यालयों को खुलने का मकसद है कि एक जुलाई को स्कूलों में शिक्षण कार्य का माहौल दिखे।
इसके लिए पहले से ही साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया जाय। बीईओ ने कहा कि छात्र नामांकन में वृद्धि, शारदा योजना , पौधरोपण, स्कूल चलो अभियान, अध्यापक उपस्थित विवरण, शैक्षिक कैलेण्डर व छात्र उपस्थिति पर पूरा फोकस हो। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डा.सलमान ने संचारी रोग नियंत्रण की जानकारी दी।
लर्निंग आउटकम में वृद्धि को लेकर वरिष्ठ एबीआरसी डॉ. अश्विनी शुक्ल ने शिक्षकों को प्रेरित किया। मां समूह, पुरातन छात्र परिषद, रसोइयों के लिए शाशन से एप्रिन, ग्लब्स आदि को लेकर उपलब्ध कराई गई धनराशि की जानकारी दी। इस मौके पर एबीआरसी राकेश तिवारी, महेंद्र प्रताप सिंह, रामसागर व विवेक वर्मा आदि मौजूद थे।