बाराबंकी में मोहम्मदपुर खाला थाना के अमेरा गांव निवासी मृतक विश्राम गौतम के रोते बिलखते परिवारी
सूरतगंज (बाराबंकी)। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में तीन दिन पूर्व धान का पुआल भरने से मना करने पर प्रधान ने मनरेगा मजदूर पर फावड़े से प्रहार कर जख्मी कर दिया था। गंभीर हालत में मजदूर को लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार की देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रधान को हिरासत में ले लिया है। प्रधान पर पहले से ही आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम अमेरा निवासी विश्राम गौतम (50) मनरेगा के जॉब कार्डधारक हैं। ग्राम प्रधान गेंदालाल चौहान ने गत 26 अक्तूबर को मनरेगा के तहत मजदूरी करने के लिए उन्हें घर से बुलाया था और अपने साथ फजेहतापुर गांव ले ले गए थे। यहां मनरेगा का काम न करवा कर उनसे ट्रैक्टर ट्राॅली में जबरन पुआल (धान का अवशेष) भरने को कहा। इसपर विश्राम ने मना कर दिया तो प्रधान गाली-गलौज करने लगा और फावड़े की बेट से मजदूर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गए।
इसके बाद प्रधान ट्रैक्टर से श्रमिक को उनके घर ले गया और ट्रैक्टर से गिरने की वजह से चोट लगने की बात कहकर चला गया। परिजन हालत बिगड़ती देखर उन्हें फतेहपुर सीएचसी लेकर पहुंचे जहां से जिला अस्पताल और फिर लोहिया अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान सोमवार की देर शाम विश्राम की मौत हो गई। मौत के बाद घरवालों के साथ थाने पहुंची पत्नी रामप्यारी ने पुलिस को तहरीर देकर प्रधान की पिटाई से मौत होने की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रधान पर चोट पहुंचाने, गैर-इरादतन हत्या व एससीएसटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार को आरोपी प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी हिरासत में है। जल्द जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
गहमागहमी के बीच हुआ अंतिम संस्कार
चार भाइयों में सबसे बड़े विश्राम का शव मंगलवार की शाम जैसे गांव पहुंचा, लोगों में आक्रोश उत्पन्न होने लगा। उधर पुलिस के समझाने-बुझाने पर करीब एक घंटे तक हुई गहमागहमी के बीच देर शाम अंतिम संस्कार किया गया। विश्राम अपनी पत्नी के संग मजदूरी कर जीवनयापन करते थे। कच्चे मकान में गुजर बसर कर रहे थे। अब महिला के आगे भरण-पोषण का भी संकट खड़ा हो गया है।