बाराबंकी। शहर में देवा बस स्टेशन से रेलवे स्टेशन मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के कारण शुक्रवार शाम छह बजे से बंद हुई बिजली आपूर्ति शनिवार देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। करीब 24 घंटे से बिजली गुल रहने के कारण जनेस्मा, देवा रोड और आसपास के इलाकों में लोगों को उमस भरी गर्मी के साथ पेयजल संकट की परेशानी से भी जूझना पड़ा। दूसरी ओर मसौली क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर सूखा पेड़ गिरने से 250 गांवों में करीब साढ़े चार घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से ढाई लाख की आबादी को परेशानी उठाना पड़ी।
देवा बस स्टेशन से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान फुटपाथ की जद में आ रहे पुराने बिजली के खंभों को हटाकर नए खंभे सड़क किनारे लगाए जा रहे हैं। इसके चलते शुक्रवार शाम छह बजे जनेस्मा, देवा रोड और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। लोगों को उम्मीद थी कि रात तक बिजली बहाल हो जाएगी, लेकिन शनिवार शाम तक भी आपूर्ति शुरू नहीं हुईं। लगातार करीब 24 घंटे बिजली न मिलने से इन इलाकों के हजारों उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी के साथ पेयजल की परेशानी भी उठाना पड़ी। अधिशासी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी का कहना है कि कार्य चल रहा है, देर शाम तक दूसरी लाइन से बिजली आपूर्ति कराई जाएगी।
उधर, मसौली बिजली उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी लाइन पर ग्राम डुबकी के पास सूखा पेड़ गिर जाने से शनिवार तड़के करीब साढ़े चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। रात करीब 3:30 बजे लाइन ठप होने से क्षेत्र के करीब 250 गांवों की करीब ढाई लाख लोग उमस और गर्मी के बीच परेशान रहे। एसडीओ सुऐब जमाल ने पेट्रोलिंग शुरू कराई तो ग्राम डुबकी के पास लाइन पर सूखा पेड़ गिरा मिला, जिसे काटकर हटाया गया और आवश्यक मरम्मत के बाद सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल कराई जा सकी।